जालौन की कोंच तहसील IGRS शिकायत निस्तारण में प्रदेश में नम्बर वन

जालौन: जनसुनवाई और पारदर्शी प्रशासन के क्षेत्र में जालौन जनपद ने एक बार फिर नया कीर्तिमान स्थापित किया है. जिले की कोंच तहसील ने आईजीआरएस (Integrated Grievance Redressal System) पोर्टल की नवीनतम रैंकिंग में उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है. 

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के तहत अक्टूबर माह की समीक्षा रिपोर्ट में कोंच तहसील को 100 में से 100 अंक प्राप्त हुए हैं. यह रैंकिंग शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार पर जारी की जाती है. इस उपलब्धि के साथ कोंच तहसील ने जिले की अन्य तहसीलों उरई, कालपी और माधौगढ़ को पीछे छोड़ते हुए प्रदेश स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है. 

इस सफलता का श्रेय उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ज्योति सिंह और उनकी टीम को दिया जा रहा है, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद शिकायत निस्तारण प्रक्रिया को तेज, सटीक और पारदर्शी बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया. दिव्यांग होते हुए भी एसडीएम ज्योति सिंह ने जनसेवा को सर्वोपरि रखते हुए अपने काम से यह साबित किया कि समर्पण और संवेदनशीलता से हर चुनौती पार की जा सकती है. 

एसडीएम ज्योति सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम की सामूहिक मेहनत का परिणाम है. उन्होंने बताया कि राजस्व कर्मियों, लेखपालों और अन्य कर्मचारियों ने हर शिकायत को गंभीरता से लेकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया. इस दक्षता ने न केवल शासन की मंशा को साकार किया बल्कि जनता का भरोसा भी मजबूत किया है. 

कोंच तहसील की यह सफलता पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए प्रेरणा बनी है कि सही नेतृत्व और टीम भावना से प्रशासन जनता के दिलों में जगह बना सकता है. 

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *