शिक्षक का शव नहर में मिला, ह*त्या की आशंका,1 कि०मी० दूर मिली बाइक

जालौन: कोतवाली क्षेत्र के प्रतापपुरा मोहल्ला निवासी 32 वर्षीय प्राइवेट शिक्षक रोहित पाठक का शव मंगलवार देर रात गोहन थाना क्षेत्र के कुंडऊ गांव के पास नहर में मिला. शव संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में उतराता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक के भाई आशीष पाठक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रोहित मंगलवार शाम करीब 4 बजे अपनी बाइक से कुंडऊ स्थित ससुराल जाने के लिए घर से निकले थे.देर रात तक जब वह ससुराल नहीं पहुंचे और मोबाइल फोन बंद आने लगा, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई. 

नहर किनारे मिली बाइक, बढ़ा शक
परिजनों और रिश्तेदारों ने तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान कुंडऊ गांव के पास नहर किनारे रोहित की बाइक खड़ी मिली. इसके बाद आसपास तलाश करने पर करीब एक किलोमीटर दूर नहर में उनका शव उतराता हुआ दिखाई दिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया. पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. यह दुर्घटनावश नहर में गिरने से मौत है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल, आवागमन के रास्ते और पारिवारिक पहलुओं की गहन जांच कर रही है. 

परिवार में मातम, पुलिस ने निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा
रोहित पाठक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है. स्थानीय लोगों के बीच भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और यदि किसी प्रकार की आपराधिक घटना सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. 

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *