जालौन: जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिले में सड़क सुरक्षा से जुड़ी सभी विभागीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की. समीक्षा के दौरान उनका रुख बेहद कड़ा दिखाई दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषय पर किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
राष्ट्रीय राजमार्ग पर अव्यवस्थाओं पर नाराजगी
डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों की कार्यशैली पर असंतोष जताया. उन्होंने कहा कि जिले से गुजरने वाले राजमार्ग अब तक गड्ढामुक्त नहीं हुए हैं और कई स्थानों पर अवैध कट भी बंद नहीं कराए गए हैं, जो सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं. डीएम ने इस स्थिति को गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने और दोषी पाए जाने पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
PWD व जिला पंचायत को सख्त चेतावनी
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और जिला पंचायत के अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि सड़क किनारे उगी झाड़ियों की समय पर कटाई न होने पर विभाग के जिम्मेदार कर्मचारियों का वेतन रोक दिया जाएगा. उन्होंने साफ कहा कि सड़क किनारे की दृश्यता बाधित होना दुर्घटनाओं का सीधा कारण बनता है और इसे गंभीरता से लिया जाएगा.
नगर क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण पर कार्रवाई के निर्देश
डीएम ने शहर में तेज़ी से बढ़ रहे अतिक्रमण पर भी कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी और नगर पालिका को संयुक्त अभियान चलाकर मुख्य बाजारों और प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण तुरंत हटाने के आदेश दिए. साथ ही चेतावनी दी कि अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी. कुछ दिन पहले बुंदेलखंड रिपोर्ट ने जाम की समस्या के संबंध में अतिक्रमण हटाने के लिए ख़बर डाली गई थी.
यातायात नियम उल्लंघन पर विशेष अभियान
जिलाधिकारी ने यातायात नियमों के पालन पर भी चिंता जताई और एसडीएम व आरटीओ को विशेष अभियान चलाकर रॉंग साइड ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट व बिना सीटबेल्ट वाहन चलाना, तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन पर बात करने जैसी गंभीर उल्लंघनों पर सख्त कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा तभी मजबूत होगी जब नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और जनता को लगातार जागरूक किया जाएगा.
बैठक में मौजूद रहे अधिकारी
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, सीओ सिटी अर्चना सिंह, आरटीओ राजेश कुमार, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
BR की ख़बर का असर: डीएम ने सड़क सुरक्षा और अतिक्रमण पर अपनाया सख़्त रुख़
