जालौन: आगामी दीपावली त्यौहार को देखते हुए शासन के निर्देश पर जनपद जालौन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सघन अभियान चलाया. इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से खोया, मिश्रित दूध और मिठाई के नमूने लिए गए. संदिग्ध पाए गए खाद्य पदार्थों को मौके पर नष्ट कराया गया. सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत विभाग की टीम सक्रिय रही. टीम ने कस्बा एट में राजमार्ग स्थित जय बजरंग दूध डेयरी प्रो. सूबेदार सिंह के प्रतिष्ठान से मिश्रित दूध व खोया का नमूना लिया. 100 किलोग्राम खोया और 200 लीटर मिश्रित दूध नष्ट किया.
इसी तरह धगुवा रोड एट पर स्थित हनुमंत पाल के प्रतिष्ठान से खोया का नमूना संगृहीत कर 50 किलोग्राम खोया नष्ट किया गया. माधौगढ़ तहसील के गोपालपुरा में सुनील के प्रतिष्ठान से खोया का नमूना लेकर 50 किलोग्राम खोया नष्ट कराया गया. वहीं धर्मेंद्र के प्रतिष्ठान से भी खोया का नमूना लेकर 50 किलोग्राम खोया नष्ट किया गया. राठ रोड उरई स्थित सतीश चंद्र के प्रतिष्ठान से सोहन पापड़ी का नमूना लिया गया.
इसके अलावा माधौगढ़ तहसील के मिझौना ग्राम में भगवत स्वरूप के प्रतिष्ठान से खोया, क्रीम और मिठाई के नमूने लेकर 20 किलोग्राम खोया और 80 किलोग्राम मिठाई नष्ट कराई गई. अब तक विभाग द्वारा कुल 14 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला परीक्षण हेतु भेजे गए हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी. विभागीय टीम द्वारा यह अभियान लगातार जारी है. दीपावली तक जिले के विभिन्न बाजारों में निरीक्षण चलता रहेगा. इस अभियान में सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार तथा अनिल कुमार उपस्थित रहे.
दीपावली पर मिलावटी खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई. 270 किलो खोया, 200 लीटर दूध और 80 किलो मिठाई नष्ट
