जालौन: ग्राम बरहा, ब्लॉक डकोर (जालौन) के जूनियर हाई स्कूल बरहा में शिक्षकों की अनियमितता और विद्यालय समय का पालन न किए जाने को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं. इस संबंध में ग्राम निवासी सुनील कुमार द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी डकोर को एक लिखित शिकायती प्रार्थना-पत्र सौंपा गया है, जिसमें विद्यालय में होने वाली लापरवाही का विस्तार से उल्लेख किया गया है.
शिकायतकर्ता के अनुसार विद्यालय का निर्धारित समय प्रातः 9:00 बजे है, किंतु विद्यालय प्रतिदिन निर्धारित समय के काफी बाद खोला जाता है. हेडमास्टर महोदय लगभग 9:45 बजे विद्यालय पहुँचते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रतिदिन प्रभावित होती है. इसके साथ ही विद्यालय को समय से पूर्व दोपहर 2:00 बजे ही बंद कर दिया जाता है. समस्त शिक्षक विद्यालय छोड़कर चले जाते हैं. इस पूरे मामले को अभिभावकों ने छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए इसे गंभीर लापरवाही करार दिया है.
खंड शिक्षा अधिकारी का बयान
इस प्रकरण में जब खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती प्रीति राजपूत से बात की गई तो उन्होंने बताया “मुझे शिकायत प्राप्त हो चुकी है. मैंने विद्यालय से कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है. जांच कर जो भी उचित प्रशासनिक कार्रवाई होगी, वह की जाएगी.”
शिक्षक समय पर नहीं पहुंच रहे स्कूल, खंड शिक्षा अधिकारी से कर दी शिकायत
