अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा

जालौन: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (SIR-2026) प्रारंभ हो गया है. जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अभियान की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की. 

जिलाधिकारी ने कहा कि इस विशेष अभियान के तहत बूथ स्तर अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और पूर्व-भरे गणना प्रपत्र (Pre-filled Enumeration Form) का वितरण कर रहे हैं. बीएलओ मतदाताओं को प्रेरित कर रहे हैं कि उनके परिवार के सभी योग्य सदस्य मतदाता सूची में दर्ज हों तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि, चूक या दोहराव न रहे. उन्होंने कहा कि यह अभियान 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक चलेगा, जिसके अंतर्गत BLO द्वारा घर-घर जाकर जानकारी संकलित की जाएगी. मतदाता सूची में संशोधन हेतु दावे और आपत्तियाँ दर्ज कराने की अंतिम तिथि 8 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा.

जिलाधिकारी पाण्डेय ने कहा कि शुद्ध, सटीक और त्रुटिरहित मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र की नींव है. हर पात्र नागरिक का नाम सूची में होना चाहिए, ताकि कोई भी मताधिकार से वंचित न रहे. उन्होंने सभी राजनैतिक दलों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने तथा मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया. इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी उरई नेहा व्याडबाल, उप जिलाधिकारी मनोज कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शान्ति स्वरूप महेश्वरी (भा.ज.पा.), राजीव शर्मा (सपा), भगवती शरण पांचाल (बसपा), उदय वीर सिंह (बसपा), विनोद कुमार नगरिया (भा.क.पा.), अरविन्द शेंगर (कांग्रेस), राजकुमार वर्मा (कांग्रेस) एवं जमालुद्दीन (सपा) आदि उपस्थित रहे.

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *