चित्रकूट: जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाली मासूम छात्राओं से महिला हेडमास्टर द्वारा मालिश कराने का मामला उजागर हुआ है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और आरोपी हेडमास्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक यह मामला चित्रकूट जिले के प्राथमिक विद्यालय नया बाजार-1 का है। यहां तैनात हेडमास्टर मधु कुमारी राय पर आरोप है कि उन्होंने कक्षा में पढ़ने आई छोटी-छोटी बच्चियों से अपने हाथ-पैर और पीठ की मालिश करवाई। इस दौरान वे क्लासरूम में चटाई बिछाकर जमीन पर लेट गईं और बच्चियों से अपनी पीठ पर चलने को कहा।
बताया जा रहा है कि यह घटना 28 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे की है। उस समय कक्षा दो और तीन के बच्चे एक ही कमरे में बैठकर पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान हेडमास्टर क्लास में पहुंचीं और पढ़ाई कराने के बजाय जमीन पर लेट गईं।
बच्ची ने कहा – मुझे मालिश करना नहीं आता
कक्षा में मौजूद बच्चों के अनुसार, हेडमास्टर ने पहले कक्षा दो की एक छात्रा को अपने पास बुलाया और उससे मालिश करने को कहा। जब बच्ची ने झिझकते हुए कहा कि उसे मालिश करना नहीं आता, तो हेडमास्टर ने कहा कि बस मेरी पीठ पर खड़े होकर पैरों से चलना है। इसके बाद मासूम बच्ची मजबूरी में उनकी पीठ पर खड़ी होकर चलने लगी। इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
23 सेकेंड का वीडियो हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल हुए करीब 23 सेकेंड और 4 सेकेंड के दो वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हेडमास्टर क्लासरूम में जमीन पर लेटी हुई हैं और एक छात्रा उनकी पीठ पर पैरों से दबाव डालते हुए मालिश कर रही है। वहीं बाकी बच्चे क्लास में बैठे हुए शोर कर रहे हैं। गांव के लोगों का कहना है कि स्कूल में इस तरह की हरकतें लंबे समय से हो रही थीं, लेकिन किसी ने खुलकर आवाज नहीं उठाई।
वीडियो सामने आते ही हरकत में आया विभाग
शुक्रवार को जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया। मामले की जांच के बाद आरोप सही पाए गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) वीरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि उन्हें पहले इस घटना की जानकारी नहीं थी। वीडियो की जांच कराई गई, जिसमें मामला सही पाया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी हेडमास्टर मधु कुमारी राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और पूरे मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। जिन स्कूलों में बच्चों को शिक्षा और संस्कार दिए जाने चाहिए, वहीं अगर मासूमों से इस तरह के काम कराए जाएं तो यह बेहद चिंताजनक है। अब विभागीय जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि इस मामले में और कौन-कौन जिम्मेदार है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
चित्रकूट के प्राथमिक स्कूल में मासूम छात्राओं से मालिश कराने का वीडियो वायरल, हेडमास्टर सस्पेंड
