आज तय होगा किस धारा में बढ़ेगी जांच “302 या 306”. आरोपी महिला सिपाही की दूसरी पेशी आज

कुठौंद थाने में तैनात रहे इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय (52) की संदिग्ध मौत के मामले में आज अहम दिन माना जा रहा है. इस प्रकरण में जिला कारागार उरई में बंद महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा (28) को आज मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया जाएगा. यह उसकी दूसरी पेशी होगी. इससे पहले 19 दिसंबर को मीनाक्षी की पहली पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कराई गई थी. पहली पेशी महज पांच मिनट चली थी, जिसमें किसी तरह की पूछताछ नहीं हुई थी. 

302 या 306, आज तय होगी आगे की कार्रवाई
आज होने वाली दूसरी पेशी को इस पूरे मामले में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. आज की सुनवाई के बाद यह तय हो सकता है कि मीनाक्षी शर्मा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत कार्रवाई आगे बढ़ेगी या धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला चलेगा. अब तक मीनाक्षी शर्मा की ओर से कोई अधिवक्ता भी नियुक्त नहीं किया गया है. माना जा रहा है कि आज की पेशी के बाद उसका वकील तय हो सकता है, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना है. 

5 दिसंबर की रात सरकारी आवास में हुई थी मौत
पूरा मामला 5 दिसंबर की रात का है. कुठौंद थाने के सरकारी आवास में इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय की सर्विस पिस्टल से गोली लगने से मौत हो गई थी. शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध पाए जाने पर मृतक की पत्नी माया राय ने महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था. 

7 दिसंबर को गिरफ्तारी, 24 दिनों से जेल में बंद
पुलिस ने 7 दिसंबर को महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा को गिरफ्तार कर उसी दिन न्यायालय में पेश किया था. कोर्ट के आदेश पर उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार उरई भेज दिया गया था. इसके अगले दिन 8 दिसंबर को उसे निलंबित कर दिया गया। फिलहाल मीनाक्षी शर्मा पिछले 24 दिनों से जेल में बंद है. 

CCTV फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में सीसीटीवी फुटेज और अन्य भौतिक साक्ष्य जांच के अहम आधार हैं. घटनाक्रम के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है. हालांकि अभी तक पुलिस इस मामले में चार्जशीट दाखिल नहीं कर पाई है और विवेचना जारी है. 

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *