विवाहित महिला ने युवक और परिजनों पर छेड़छाड़, दुष्कर्म प्रयास व लूट का गंभीर आरोप लगाया

जालौन: कोटरा थाना क्षेत्र के ग्राम बरसार में एक विवाहित महिला ने गांव के ही एक युवक और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की मांग की है. पीड़िता का कहना है कि उसने घटना के तुरंत बाद थाना कोटरा में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई. आरोपियों के खुले घूमने से पीड़िता और उसका परिवार दहशत में है. 

घर में कंडे पाथते समय युवक ने की अश्लील हरकत
पीड़िता के अनुसार घटना 26 अक्टूबर को दोपहर करीब 11:30 बजे की है.  महिला अपने घर पर गोबर के कंडे पाथ रही थी, तभी गांव का घनश्याम पाल वहां पहुंच गया. पीड़िता का आरोप है कि घनश्याम ने उसे देखते ही अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दीं. विरोध करने पर उसने महिला का हाथ पकड़ लिया और उसके साथ अभद्रता की कोशिश की. 

दुष्कर्म का प्रयास और लूट का आरोप
पीड़िता ने बताया कि घनश्याम ने उसकी साड़ी खींचकर दुष्कर्म का प्रयास किया और जान से मारने की नीयत से उसका गला दबाने लगा. इसी दौरान उसने महिला का सोने का मंगलसूत्र और कानों के बाले भी छीन लिए. महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग और उसका पति मौके पर पहुंचे. 

आरोपी के परिजन भी पहुंचे, पीड़िता और पति पर हमला
पीड़िता का आरोप है कि शोर सुनकर घनश्याम के परिजन जीत कुमार, गोयलाल, श्रीमती गांधी, सुनीता और प्रेमवती वहां पहुंच गए. सभी ने मिलकर पीड़िता और उसके पति पर हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए. पीड़िता के अनुसार मारपीट के दौरान जीत कुमार ने कुल्हाड़ी से उसके पति पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन बचने पर कुल्हाड़ी घनश्याम को ही लग गई. 

शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं, एसपी से लगाई गुहार
पीड़िता ने बताया कि उसने घटना की सूचना तत्काल थाना कोटरा को दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. आरोपियों की तरफ से लगातार जान से मारने की धमकियां भी मिल रही हैं. घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में पीड़िता का पति और कई ग्रामीण शामिल हैं. पीड़िता ने एसपी जालौन से गुहार लगाते हुए मांग की है कि सभी आरोपियों पर उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए. 



 

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *