धर्मांतरण कर उत्कर्षा से फ़ातिमा बनीं, अब फांसी के फंदे पर लटकी मिली

हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक विवाहिता का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला बिवार थाना क्षेत्र के बिगहना गांव का है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

महाराष्ट्र से हमीरपुर तक का सफर
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका का मूल नाम उत्कर्षा था और वह रत्नागिरी महाराष्ट्र की निवासी बताई जा रही है। करीब तीन वर्ष पहले बिगहना गांव निवासी मुर्तजा काम के सिलसिले में महाराष्ट्र गया था। वहीं दोनों की मुलाकात हुई और धीरे-धीरे संबंध विवाह तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि मुर्तजा उत्कर्षा को अपने गांव ले आया, जहां दोनों ने मुस्लिम रीति-रिवाज से विवाह किया। विवाह के बाद उत्कर्षा ने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम फातिमा रख लिया। दंपति का तीन माह का एक बेटा भी है।

घटना से पहले हुआ था विवाद
परिजनों के अनुसार घटना से पहले घर में खाने को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद फातिमा अपने कमरे में चली गई। कुछ समय बाद जब दरवाजा खोला गया तो वह फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी राज कुमार पाण्डेय ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

परिवार की स्थिति
मुर्तजा तीन भाइयों में मझला बताया जा रहा है और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। घटना के बाद परिवार में शोक और स्तब्धता का माहौल है। गांव में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *