गौशाला की पांच दिनों के भीतर करनी होगी रिपोर्ट पेश, नहीं तो…

जालौन: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन गौवंशों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह सजग है. जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जनपद की गौशालाओं का गहन निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि गर्मी के मौसम में गौवंशों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. मुख्य विकास अधिकारी के साथ जिला विकास अधिकारी निशांत और सभी उपजिलाधिकारियों ने विभिन्न ग्रामों जैसे कैथी, दिरावटी, भाडरी, चमर सेना, पड़री, देवगांव, बेड़ा, ऐबरा आदि की गौशालाओं का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान अधिकारियों ने गौशालाओं में पर्याप्त भूसा, हरा चारा और चुनी-चोकर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. गर्मी से बचाव के लिए उचित प्रबंध करने पर भी जोर दिया गया.

जिला विकास अधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अगले पाँच दिनों के भीतर अपने-अपने क्षेत्र की गौशालाओं में संरक्षित गोवंश की संख्या का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें. समय पर सत्यापन न करने वाले कर्मचारियों का अप्रैल माह का वेतन रोकने की चेतावनी दी गई है. प्राप्त रिपोर्टों की जिला स्तरीय अधिकारी गहन जांच करेंगे. बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला विकास अधिकारी ने गौशालाओं में पेयजल की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बड़ी गौशालाओं में कार्यरत कर्मचारियों के कार्यों का स्पष्ट विभाजन करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि नंदी, मादा और छोटे गोवंशों की उचित देखभाल सुनिश्चित की जा सके. जिला प्रशासन गौवंशों की सुरक्षा और उनके स्वास्थ्य के लिए हर संभव कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है.

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *