युवक ने लाइव आकर किया आत्महत्या का प्रयास, ब्लॉक प्रमुख पर गम्भीर आरोप

 चित्रकूट: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। युवक ने पहाड़ी ब्लॉक प्रमुख पर भ्रष्टाचार और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि समय रहते स्थानीय भाजपा नेताओं ने मौके पर पहुंचकर उसकी जान बचा ली। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया लाइव के दौरान उठाया आत्मघाती कदम
जानकारी के मुताबिक पहाड़ी ब्लॉक क्षेत्र के गोसाईपुर बछरन गांव निवासी प्रियांशु मिश्रा इन दिनों शहर में किराए के कमरे में रह रहे हैं। वह भारतीय जनता पार्टी से जुड़े बताए जा रहे हैं और विश्व हिंदू महासंघ युवा मोर्चा में जिलाध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को प्रियांशु मिश्रा सोशल मीडिया पर लाइव आए। लाइव वीडियो के दौरान उन्होंने पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। यह वीडियो देखते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

भाजपा नेता ने दरवाजा खुलवाकर बचाई जान
लाइव वीडियो देखने के बाद भाजपा नेता हीरो मिश्रा तत्काल युवक के कमरे पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा खुलवाया और समय रहते प्रियांशु मिश्रा को नीचे उतार लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि थोड़ी देर और हो जाती तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

ब्लॉक प्रमुख पर भ्रष्टाचार और पिटाई के आरोप
प्रियांशु मिश्रा का आरोप है कि उन्होंने पहाड़ी ब्लॉक में करोड़ों रुपये के कथित भ्रष्टाचार की शिकायत की थी। इसी से नाराज होकर ब्लॉक प्रमुख सुशील द्विवेदी ने अपने समर्थकों से उसकी और उसके पिता की पिटाई करवाई। उनका कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत कई अधिकारियों से की थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण वह मानसिक रूप से परेशान हो गए और आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की।

                        ब्लॉक प्रमुख सुशील द्विवेदी

पुलिस में दी तहरीर, जांच शुरू
घटना के बाद प्रियांशु मिश्रा ने कर्वी कोतवाली पहुंचकर ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं युवक की मां कल्पना मिश्रा ने भी पुलिस से परिवार की सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि शिकायत के बाद से परिवार को खतरा महसूस हो रहा है।

जिले में चर्चा का विषय बनी घटना
यह घटना सामने आने के बाद चित्रकूट जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *