छतरपुर: सनातन हिंदू एकता का संदेश लेकर बागेश्वर धाम पीठाधीश पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पदयात्रा में श्रद्धा और भक्ति का अभूतपूर्व माहौल देखने को मिला. यह यात्रा 7 नवंबर को फरीदाबाद से आरंभ हुई थी, जिसका लक्ष्य सनातन संस्कृति के प्रचार और एकता का संदेश देना है. देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु इस यात्रा में भाग ले रहे हैं. लोगों में महाराज के दर्शन और आशीर्वाद को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. पदयात्रा में क्रिकेटर शिखर धवन, तेज गेंदबाज उमेश यादव और अंतरराष्ट्रीय रेसलर द ग्रेट खली सहित कई जानी-मानी हस्तियां भी शामिल हुईं. हरियाणा सीमा में प्रवेश करते समय यात्रा का भव्य स्वागत पुष्पवर्षा के साथ किया गया.
महाराज ने घायलों के घावों पर लगाया मरहम
यात्रा के दौरान जब कुछ श्रद्धालु भीड़ में घायल हो गए, तो पं. धीरेंद्र शास्त्री स्वयं उनके उपचार के लिए आगे आए. उन्होंने अपने हाथों से घायलों के घावों पर दवा लगाई और पट्टी की. छतरपुर के करण कुशवाहा समेत कई श्रद्धालु महाराज की इस सेवा भावना को देखकर भावुक हो उठे. 
सेलिब्रिटी भी हुए सहभागी
क्रिकेट और कुश्ती जगत की कई नामचीन हस्तियां इस पदयात्रा का हिस्सा बनीं. सभी ने एक स्वर में सनातन एकता और शांति का संदेश दिया. शाम को मध्य प्रदेश के मंत्री कैल्याश विजयवर्गीय और भजन गायक कन्हैया मित्तल ने भी यात्रा में शामिल होकर महाराज से आशीर्वाद लिया.
दिव्य श्रद्धा के दृश्य
यात्रा में कई भावुक क्षण देखने को मिले. बदायूं के दो भाइयों तेजपाल और धीरज ने अपनी दिव्यांग मां को कांवर में बैठाकर पूरी यात्रा पूरी की। महाराज ने उन्हें विशेष आशीर्वाद दिया. वहीं 10 वर्षीय रूद्र ने पूरी यात्रा दंडवत चलकर पूरी की, जबकि मेरठ के विमल शर्मा ने बताया कि उन्होंने पाँच वर्षों तक बाल न कटवाने का संकल्प लिया था, जो इस यात्रा के पूर्ण होने पर पूरा हुआ.

