बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के गिरवां थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक व्यक्ति की बालू खदान में गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह मामला पैसे के विवाद में हुआ है. पुलिस के मुताबिक मृतक का शव एक पोकलैंड मशीन पर खून से लथपथ मिला, और उसकी आंख में गंभीर चोट के निशान पाए गए. घटना की जानकारी जिले के गिरवां थाना इलाके की है. आसपास के लोगों ने जब शव देखा तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज बांदा भेज दिया.
पुलिस ने बताया कि मृतक महोबा जिले का निवासी था और वह वहीं खदान में पोकलैंड मशीन ऑपरेटर के तौर पर काम करता था. शुरुआती जांच में पता चला है कि कुछ दिन पहले एक एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें एक युवक के पैर में चोट आई थी. ऑपरेटर ने उसका इलाज करवाया था, लेकिन उस व्यक्ति ने इलाज के पैसे लेने के बाद और अधिक रकम की मांग की. ऑपरेटर ने और पैसे देने से मना कर दिया.
परिजनों का दावा है कि इसी इलाज के पैसे को लेकर विवाद बढ़ा. उन्होंने बताया कि और पैसे नहीं देने के चलते मौका पाते ही आरोपी ने तमंचे से उसकी आंख में गोली मारकर हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया. पुलिस ने मृतक के बयान के आधार पर तहरीर लेकर मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है. पुलिस ने बताया है कि जांच के दौरान दो से तीन लोगों को संदिग्ध मानकर हिरासत में लिया गया है और सर्विलांस व फॉरेंसिक साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

