जालौन: उरई कोतवाली क्षेत्र के राह रोड स्थित विजय विक्रम रिसोर्ट में रविवार रात आयोजित एक शादी समारोह में जमकर उपद्रव हुआ. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि आधा दर्जन से अधिक युवक लाठी, डंडों और बेल्टों से लोगों को बेरहमी से पीटते नज़र आ रहे हैं. घटना के दौरान महिलाओं और बुजुर्गों को भी नहीं बख्शा गया.
वीडियो में युवक को घेरकर पिटाई, रोकने पहुंचीं महिलाएं भी बनीं निशाना
वायरल फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि कुछ लोग एक युवक को जमीन पर गिराकर बुरी तरह से मार रहे हैं. पीड़ित युवक की बहन और एक वृद्ध महिला बीच-बचाव की कोशिश करती दिख रही हैं, लेकिन हमलावर उन पर भी धक्का-मुक्की और अभद्रता करते दिखाई देते हैं. हमले के दौरान किसी ने भी रुकने का प्रयास नहीं किया.
पीड़िता की शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर सवाल
मारपीट के बाद एक पीड़ित महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. लेकिन आरोप है कि कई दिनों तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं.
पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी की निगाहें
मामले का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की ओर से जल्द कार्रवाई का भरोसा जताया गया है. अब देखना यह है कि उपद्रवियों पर कब और क्या कदम उठाए जाते हैं. पीड़ित परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है और प्रशासनिक स्तर पर अगली कार्यवाही का इंतजार कर रहा है.
जालौन में शादी समारोह में बड़ा बवाल: लाठी-डंडों से की गई मारपीट, महिलाओं और बुजुर्गों से भी अभद्रता
