हमीरपुर: सोशल मीडिया पर एक छोटे से इंस्टाग्राम मैसेज से उपजा विवाद रविवार रात हमीरपुर सदर कोतवाली क्षेत्र में ऐसी हिंसा में बदल गया, जिसने दो परिवारों की खुशियों को दर्द और डर में बदल दिया. ईदगाह के पास हुई इस घटना में दोनों पक्षों से पिता-पुत्रों सहित कुल छह लोग घायल हो गए. रात के सन्नाटे में अचानक हुई मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों के बीच दहशत फैल गई.
जानकारी के अनुसार, ईदगाह निवासी जितेंद्र यादव के बेटे प्रिंस यादव (18) और दिव्यांश यादव (17) का गौरा देवी निवासी बाबूलाल भुर्जी के बेटों संदीप (28) और विजय (18) से इंस्टाग्राम मैसेज को लेकर विवाद हो गया था. शुरुआत में यह कहासुनी तक सीमित रहा, लेकिन गुस्से और आवेश ने हालात को काबू से बाहर कर दिया. विवाद बढ़ने पर प्रिंस और दिव्यांश कार से गौरा देवी पहुंचे, जहां दूसरा पक्ष पहले से मौजूद था.
देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे. इस झड़प में एक तरफ प्रिंस यादव, दिव्यांश यादव और उनके पिता जितेंद्र यादव घायल हो गए, जबकि दूसरी ओर संदीप, विजय और उनके पिता बाबूलाल भुर्जी को गंभीर चोटें आईं. घायल युवकों को तड़पता देख परिजनों की आंखों में आंसू और चेहरों पर डर साफ झलक रहा था.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. यह घटना एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती है कि सोशल मीडिया पर की गई एक छोटी सी बात कैसे पूरे परिवारों की जिंदगी में दर्द घोल सकती है.
इंस्टाग्राम मैसेज बना हिंसा की वज़ह, दो पक्षों में ख़ूनी संघर्ष
