छतरपुर: जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात दो बाइक सवार युवकों के शव सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शवों की हालत बेहद खराब थी और घटनास्थल से देसी कट्टा, मोबाइल फोन और बाइक मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. घटना पनौठा और जनकपुर गांव के बीच सोमवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है. मृतकों की पहचान गहरवार निवासी सुरेंद्र यादव 19 वर्ष और संतोष कोरी 18 वर्ष के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
शवों के पास ही पड़ा मिला देशी कट्टा
पुलिस के अनुसार दोनों शव सड़क किनारे लगभग 20 कदम की दूरी पर पड़े हुए मिले. शवों के बीच ही देसी कट्टा और एक मोबाइल फोन पड़ा था. पास में डीलक्स कंपनी की बाइक क्रमांक MP 16 C 3388 भी खड़ी मिली है. शवों की स्थिति देखकर परिजनों ने आशंका जताई है कि सुरेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या की गई है जबकि संतोष कोरी का सिर पत्थर से कुचलकर जान ली गई है. सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है.
घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हत्या किसने और किन कारणों से की. सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
छतरपुर में डबल म*र्डर! एक का सिर कुचला, दूसरे को गोली मारी
