पोषण और स्वच्छता के प्रति केंद्रीय संचार ब्यूरो ने किया जागरुक

झांसी: केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, झांसी द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह, स्वच्छता ही सेवा और सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 11 वर्ष पर जनजागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, दतिया गेट बाहर, झांसी में आयोजित हुए इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य, श्रीमती रमा निरंजन ने किया. उन्होंने कहा कि महिलाओं में पोषण की अहम भूमिका है क्योंकि एक स्वस्थ और पोषित नारी पूरे परिवार को स्वस्थ और पोषित रखती है. श्रीमती निरंजन ने कहा कि देश में पैदा होने वाले भविष्य यानी हर बच्चे की चिंता भारत सरकार मां के गर्भ से ही शुरू कर देती है. उसकी हर ज़रूरत का ख्याल रखने के लिए सरकार योजनाएं चला रही है और ऐसे कार्यक्रम के माध्यम से ये सुनिश्चित भी कर रही है कि ये लोगों तक पहुंचे. उन्होंने बताया कि भारत सरकार की ओर से जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य और पोषण की देखभाल के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत सीधी आर्थिक मदद भी दी जा रही है.

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और पांच महिलाओं के नवजात बच्चों के अन्नप्राशन का कार्यक्रम संपन्न कराया. विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे जिला कार्यक्रम अधिकारी विपिन मैत्रेय ने कहा कि आंगनवाड़ी के सहयोग से आज ग्रामीण और दूर दराज के क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों में पोषण की ज़रूरतें पूरी हो रहीं हैं. उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी 0-6 वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण से लेकर स्वास्थ्य की देखभाल सुनिश्चित करती है.

विषय विशेषज्ञ चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति यादव ने महिलाओं और बच्चियों को मासिक धर्म के दौरान कैसे साफ-सफाई और अपने खान-पान का ध्यान रखा जाए इस पर जोर दिया. उन्होंने छात्राओं और महिलाओं को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई. वहीं न्यूट्रिशियनिस्ट डॉ. अंजली वर्मा ने मोटे अनाज और उनकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला. उन्होंने जंक फूड खाने से होने वाले नुकसानों के बारे में छात्राओं को आगाह किया और उनसे घर का संतुलित भोजन ही करने की अपील की.

इस कार्यक्रम के अंतर्गत लोगों को जागरुक करने के लिए ‘किशोरावस्था में संतुलित भोजन की आवश्यक्ता’ विषय पर भाषण और ‘स्वच्छता ही सेवा’ विषय पर चित्रकला व रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया. इसमें समीक्षा जोशी, मिनी साहू, खुशी उपाध्याय, खुशी रजक, जिया तड़ियाल, दीपिका राजपूत, कंचन प्रजापति, रागिनी और खुशी दोहरे विजयी रहीं. संतराम एंड पार्टी ने स्वच्छता और पोषण से जुड़ा गीत और नाटक प्रस्तुत किया.

क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी अमन गुप्ता की ओर से इस कार्यक्रम में शामिल हुए अतिथियों को विभाग की ओर स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय की प्रबन्धिका रमा चतुर्वेदी और प्रधानाचार्या कल्पना सिंह के अलावा सीडीपीओ मंजुलता अग्रवाल, सुपरवाइजर धनकुंवर आनंद और रॉकेट लर्निंग के जिला कॉर्डिनेटर शिवेंद्र द्विवेदी का विशेष सहयोग रहा. 

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *