टीकमगढ़: जिले के जतारा में गुरुवार को उस समय हंगामा मच गया, जब कृषि उपज मंडी परिसर में पहुंचे यूरिया से भरे ट्रक से किसानों ने बोरियां उठा लीं. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें किसान, महिलाएं और युवतियां तक ट्रक से खाद की बोरियां ले जाते दिखाई दे रहे हैं. भीड़ ने देखते ही देखते करीब 40 से 50 बोरी यूरिया अपने कब्जे में ले लीं.
क्यों मच गया हंगामा?
स्थानीय किसानों के मुताबिक, वे पिछले करीब पखवाड़े से यूरिया की कमी का सामना कर रहे हैं. रोजाना सैकड़ों किसान सोसायटी और वितरण केंद्रों पर खाद के लिए लाइन लगाते हैं, लेकिन खाली हाथ लौटना पड़ रहा है. ऐसे में गुरुवार को जैसे ही यूरिया से भरे दो ट्रक मंडी पहुंचे, किसानों की भीड़ अनियंत्रित हो गई और कुछ लोगों ने सीधे ट्रक से बोरियां उठाना शुरू कर दिया.
मंडी परिसर में माहौल हुआ तनावपूर्ण
अचानक हुई इस छीना-झपटी से मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई. कई किसान धक्का-मुक्की में गिरते-पड़ते भी नजर आए. महिला किसानों ने भी मौके का फायदा उठाते हुए खाद की बोरियां उठा लीं. हालांकि थोड़ी देर बाद प्रशासनिक हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य हो गई.
प्रबंधक ने दर्ज कराई शिकायत
कृषि उपज मंडी के प्रबंधक रामकुमार सोनी ने इस घटना की शिकायत जतारा थाने में दर्ज करा दी है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो के आधार पर घटनाक्रम की तहकीकात की जा रही है.
किसानों की मांग
किसानों का कहना है कि यदि समय पर यूरिया की सप्लाई नहीं सुधरी, तो स्थिति और बिगड़ सकती है. वे सरकार से तुरंत पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं.
टीकमगढ़ में किसानों ने कुछ इस तरह लूटी खाद, मच गयी अफरा-तफ़री
